अभनपुर। छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र में हुए हत्या-लूटकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है।
मानिकचौरी इलाके में आरोपियों ने पहले पेट्रोल खत्म होने का बहाना बनाकर एक राहगीर को रोकने की कोशिश की।
बाइक नहीं रोकने पर आरोपियों ने उसका पीछा कर ओवरटेक किया और रास्ते में रोक लिया।
विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और विधि से संघर्षरत बालक ने धारदार चाकू से कई वार कर दिए।
हमले में राहगीर की मौत हो गई।
इसके बाद आरोपी उसका मोबाइल और करीब 1 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।
पुलिस ने मामले में नाबालिग समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
छत्तीसगढ़ की ब्रेकिंग न्यूज़, ग्राउंड रिपोर्ट और महत्वपूर्ण अपडेट सबसे पहले सीधे अपने WhatsApp पर प्राप्त करें।
पेट्रोल खत्म होने का बहाना बनाकर राहगीर को रोका
पुलिस के मुताबिक, 4 सितंबर 2026 की रात वेदप्रकाश ध्रुव उर्फ धुनू और छबी जांगड़े उर्फ धोंधी मानिकचौरी रेलवे फाटक के पास पहुंचे थे, दोनों ने शराब का सेवन किया।
इसके बाद पैसे की जरूरत होने पर राहगीर को लूटने की योजना बनाई।
रात करीब 1 बजे दोनों मोटरसाइकिल से अभनपुर की ओर निकले।
हसदा मोड़ के पास उन्हें एक व्यक्ति बाइक से आता दिखाई दिया।
आरोपियों ने पेट्रोल खत्म होने का बहाना बनाकर उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन राहगीर नहीं रुका।
बाइक नहीं रोकी तो पीछा कर ओवरटेक किया
राहगीर के नहीं रुकने पर आरोपियों ने उसका पीछा किया।
कुछ दूरी पर उन्होंने बाइक को ओवरटेक कर रास्ते में रोक लिया।
इसके बाद बातचीत के दौरान उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, छबी जांगड़े ने पहले मारपीट की और फिर वेदप्रकाश भी उसके साथ शामिल हो गया।
दोनों ने राहगीर को पकड़ लिया।
विरोध करने पर नाबालिग ने चाकू से किए कई वार
मारपीट का विरोध करने पर साथ मौजूद आरोपी ने धारदार चाकू निकालकर राहगीर पर कई वार कर दिए।
गंभीर रूप से घायल होने के बाद वह सड़क पर गिर पड़ा।
घटना के बाद आरोपी उसका मोबाइल फोन और करीब 1 हजार रुपये नकद लेकर मौके से फरार हो गए।
पुलिस के पहुंचने पर राहगीर घटनास्थल पर मृत अवस्था में मिला।
उसकी मोटरसाइकिल भी सड़क किनारे पड़ी थी।
CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
घटना की गंभीरता को देखते हुए अभनपुर पुलिस ने आसपास के CCTV फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने वेदप्रकाश ध्रुव उर्फ धुनू, छबी जांगड़े उर्फ धोंधी और एक नाबालिग आरोपी को मामले में पकड़ा।
आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल धारदार चाकू और अन्य सामग्री बरामद की गई है।
आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी सामने आई है।
पुलिस अब पुराने मामलों के साथ ही इस वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजे जाने की जानकारी सामने आई है