रायपुर। छत्तीसगढ़ में नागरिक सुविधाओं को आसान और पारदर्शी बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने दो महत्वपूर्ण पहल की हैं।
अब नागरिक घर बैठे ऑनलाइन जमीन के सीमांकन के लिए आवेदन कर सकेंगे।
वहीं, पूर्व अग्निवीरों के लिए सरकारी सेवा में अवसर बढ़ाने की दिशा में तृतीय श्रेणी के पदों पर 10 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है।
ऑनलाइन माध्यम से करा सकेंगे जमीन का सीमांकन
राज्य में जमीन के सीमांकन की प्रक्रिया को नागरिकों के लिए अधिक सुविधाजनक बनाया जा रहा है।
अब लोग लोक सेवा केंद्र, सेवा सेतु या मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
छत्तीसगढ़ की ब्रेकिंग न्यूज़, ग्राउंड रिपोर्ट और महत्वपूर्ण अपडेट सबसे पहले सीधे अपने WhatsApp पर प्राप्त करें।
आवेदन करने के बाद सीमांकन की प्रक्रिया और संबंधित प्रकरण की स्थिति की जानकारी भी ऑनलाइन उपलब्ध रहेगी।
इससे नागरिकों को बार-बार कार्यालय जाने की आवश्यकता कम होगी और वे अपने आवेदन की स्थिति घर बैठे देख सकेंगे।
पूर्व अग्निवीरों के लिए सरकारी नौकरी में नई राह

इसी बीच मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में छत्तीसगढ़ लोक सेवा पूर्व अग्निवीर सैनिक भर्ती नियम, 2026 को मंजूरी दी गई है।
इस नियम के तहत सिविल सेवाओं के तृतीय श्रेणी पदों पर पूर्व अग्निवीरों के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है।
इसमें पुलिस आरक्षक, वनरक्षक और जेल प्रहरी जैसे पद शामिल हैं।
सरकार के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य पूर्व अग्निवीरों के सैन्य सेवा अनुभव और कौशल को सरकारी रोजगार के नए अवसरों से जोड़ना है।
दोनों फैसलों को राज्य में नागरिक सेवाओं को सरल बनाने और पूर्व अग्निवीरों के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम के तौर पर देखा जा रहा है।