राजधानी रायपुर के तेलीबांधा क्षेत्र में “सेवा ज्योति संकल्प चौक” के नामकरण की घोषणा के बाद साहू समाज के बीच उत्पन्न हुई भ्रम की स्थिति पर अब पूरी तरह विराम लग गया है।
साहू समाज के एक प्रतिनिधिमंडल ने रायपुर महापौर श्रीमती मीनल चौबे से मुलाकात कर इस विषय पर अपनी बातें रखीं, जिसके बाद महापौर ने स्थिति पूरी तरह स्पष्ट कर दी।
इस दौरान नगर निगम के एमआईसी सदस्य श्री संतोष साहू भी महापौर कक्ष में विशेष रूप से मौजूद थे ।
तेलीबांधा में ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ का नाम?
महापौर मीनल चौबे ने साहू समाज के प्रतिनिधियों के साथ हुई चर्चा में बताया कि “सेवा ज्योति संकल्प चौक” के रूप में प्रस्तावित स्थल रिंग रोड एवं तेलीबांधा थाना के समीप स्थित ट्राई-जंक्शन का ट्रैफिक आइलैंड है।
प्रशासन द्वारा केवल इसी विशिष्ट ट्रैफिक आइलैंड को “सेवा ज्योति संकल्प चौक” के रूप में चिह्नित और संदर्भित किया गया है।
तेलीबांधा तालाब के चौकों के नाम में कोई बदलाव नहीं
बैठक के दौरान महापौर ने विशेष रूप से स्पष्ट किया कि:
- तेलीबांधा तालाब के दोनों ओर स्थित चौकों के नामकरण के संबंध में नगर निगम में ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं दिया गया है।
- इन ऐतिहासिक चौकों का नाम बदलकर “सेवा ज्योति संकल्प चौक” करने की न तो कोई योजना है और न ही कोई निर्णय लिया गया है।
- तेलीबांधा तालाब के आसपास के चौकों की वर्तमान स्थिति यथावत बनी रहेगी।