
महासमुंद जिले के झलप गांव में आधी रात एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। तेज़ रफ्तार भारी लोड ट्रक अनियंत्रित होकर सीधे एक रिहायशी मकान में जा घुसा। टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि मकान का एक बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
गनीमत रही कि हादसे के समय घर में मौजूद सभी लोग सुरक्षित थे, जिससे एक बड़ा जानलेवा हादसा टल गया। हालांकि, मकान को भारी नुकसान पहुंचा है और परिवार दहशत में है। हादसे के तुरंत बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायज़ा लिया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश जारी है।
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज़ रफ्तार और लापरवाही बताया जा रहा है।घटना के बाद पूरे क्षेत्र में डर और असुरक्षा का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब घर के अंदर भी सुरक्षित महसूस नहीं हो रहा, तो सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से रात के समय भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण और सख्त कार्रवाई की मांग की है।